MP News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को सिंगरौली को ऊर्जा और आर्थिक दृष्टि से मध्य प्रदेश का पावर हाउस बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र भविष्य की अपार संभावनाओं से समृद्ध है। सिंगरौली की पहचान अब सिर्फ कोयले तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां सोना भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री एनटीपीसी विंध्याचल परियोजना के उमंग भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में 552 करोड़ रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा, सिंगरौली के लोग सोने जैसे हैं और अब यहां जमीन के नीचे भी सोने की खदानें मिल रही हैं। यहां की प्रचुर संपदा और जनमानस की निर्मलता भगवान विश्वनाथ की याद दिलाती है। सीएम ने बालिका ग्रामीण अंचल की छात्राओं से सीधा संवाद भी किया।
करोड़ों की सौगातः गैस सब्सिडी और पेंशन राशि खातों में डाली
- कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के लाखों लाभार्थियों के खातों में करोड़ों रुपए की राशि हस्तांतरित की।
- उज्ज्वला योजना 60 वर्ष से अधिक आयु की 24 लाख लाभार्थी महिलाओं को 115 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की गई, जिसके तहत उन्हें 450 रुपये में गैस सिलेंडर रीफिलिंग का लाभ मिलेगा।
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 33.71 लाख पेंशन हितग्राहियों के खातों में 202.26 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का सीधा अंतरण किया गया













