UP News : मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लालपुर चट्टी के पास शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। नेशनल हाइवे पर पहले अज्ञात कार ने बाइक में टक्कर मारी, फिर पीछे से आ रहे ट्रक ने युवक को कुचल दिया। मृतक की पहचान मयंक कुमार सिंह उर्फ सोनू 37, निवासी बरैनी गांव, कछवा थाना, मिर्जापुर के रूप में हुई। वह वाराणसी की एक प्राइवेट कंपनी में सेल्समैन थे। शनिवार सुबह ड्यूटी के लिए बाइक से वाराणसी जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लालपुर चट्टी के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। मयंक अनियंत्रित होकर हाइवे के बीच गिरे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। ट्रक चालक वाराणसी की ओर भाग निकला। मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। भीड़ जमा होने से जाम लग गया। सूचना पर थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा और दरोगा मधुसूदन त्रिपाठी फोर्स के साथ पहुंचे। शव हटवाकर यातायात बहाल कराया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मयंक दो भाइयों में छोटे थे। पिता फतेहबहादुर सिंह रिटायर मार्केट इंस्पेक्टर हैं। करीब एक साल पहले मयंक की शादी हुई थी। उनका चार महीने का बेटा है। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हाइवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि कार व ट्रक की पहचान कर चालकों को गिरफ्तार किया जा सके।
UP News : भीषण गर्मी में बिजली कटौती से परेशान होकर ग्रामीणों ने XEN व JE को बनाया बंधक
MP News : विंध्य-महाकोशल के 11 जिलों में 411 करोड़ की लागत से बनेंगी 362 सड़कें













