UP News : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को सड़क पर उतर आया। सरायइनायत क्षेत्र के हनुमानगंज स्थित 130 केवीए उपकेंद्र पर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एक्सईएन और जेई राजनाथ यादव को कार्यालय से बाहर निकालकर उपकेंद्र परिसर स्थित पार्क में बैठा दिया और चारों ओर से घेरकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाती, तब तक किसी अधिकारी को जाने नहीं दिया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल रहे।
ग्रामीणों का आरोप, कई बार शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से इलाके में लगातार बिजली कटौती हो रही है। भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है तथा पेयजल संकट भी गहराने लगा है। रातभर बिजली गुल रहने से बच्चों और बुजुगों की हालत खराब हो रही है तथा उमस और भीषण गर्मी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन करना
पड़ाअधिकारियों व पुलिस के आश्वासन के बाद शांत हुये ग्रामीण
विरोध प्रदर्शन के बीच बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बताया कि फॉल्ट और ओवरलोडिंग के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसे ठीक कराने का कार्य जारी है। उन्होंने जल्द ही व्यवस्था सामान्य करने का आश्वासन दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़े रहे। थानाध्यक्ष सरायइनायत संजय गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों में आक्रोश था, जिन्हें समझाकर शांत करा दिया गया है। मौके पर स्थिति सामान्य है।
भदोही में गर्मी और लू से जनजीवन प्रभावित
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गुरुवार को भीषण गर्मी और हीटवेव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। दोपहर के समय ऐसा महसूस हुआ मानो आसमान से आग बरस रही हो। जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप और हीटवेव के डर से लोग घरों में दुबके नजर आए। लोगों ने सुबह जल्दी अपने दैनिक कार्य निपटाने के बाद पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर बांध दिया। सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया और आम दिनों की तुलना में प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही भी काफी कम रही। भीषण गर्मी का असर कालीन उद्योग पर भी पड़ा। कालीन कारखानों में बुनकरों और मजदूरों की उपस्थिति सामान्य दिनों की तुलना में केवल 65 से 70 प्रतिशत तक ही दर्ज की गईए जिससे उत्पादन कार्य प्रभावित हुआ। हीटवेव और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय तथा मुख्यालय स्थित सौ शैया संयुक्त चिकित्सालय के लू वार्ड को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में उल्टी-दस्त और तेज बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भीषण गर्मी के कारण जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी में सामान्य दिनों की अपेक्षा करीब 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने भी भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है।
Salman Khan : 60 की उम्र में छलका सलमान खान का दर्द, पोस्ट पढ़ भावुक हुए फैंस
MP News : विंध्य-महाकोशल के 11 जिलों में 411 करोड़ की लागत से बनेंगी 362 सड़कें













