Mirzapur Road Accident: मीरजापुर के ड्रमंडगंज घाटी स्थित बडका मोड़ पर ट्रक का ब्रेक अचानक से फेल होने से सामने से आ रही बोलेरो और ऑल्टो कार को टक्कर मारते हुए डंपर में जा भिड़ा। इस दर्दनाक हादसे में बोलेरो और ऑल्टो सवार लोगों को खुद को बचाने का मौका तक नहीं मिला और सभी इसमें जल गए। रेस्क्यू में शामिल लोगों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम घटना की सूचने देने के आधे घंटे बाद आई और तब तक लोग जलते रहे, उन्हें बचाने वाला कोई नहीं था।
पुलिस के मुताबिक वाराणसी रीवा राजमार्ग पर ड्रमंडगंज बड़का मोड़ के पास ब्रेक फेल ट्रक की टक्कर में ऑल्टो और बोलोरो सवार 11 लोगों की मौत हो गई है। बोलेरो सवार मृतक मीरजापुर जनपद के जिगना थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। ड्राइवर विष्णु सिंह निवासी रामपुर हंसवार इसी गांव के शगुन सिंह की बोलेरो चलाता था।
वह जिगना के एक परिवार को लेकर मुंडन कराने के लिए मैहर गए हुए थे और वापस लौट रहे थे, जिसमें दो महिलाएं और दो बच्चे भी थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तत्काल गाड़ी की पहचान नहीं हो सकी। टूटी गाड़ी की नंबर प्लेट की मदद से मोबाइल नंबर निकालकर पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। बोलेरो सवार मृतक की पहचान प्रियंका सिंह 42, कार्तिकेय सिंह 18 वर्ष, पीयूष सिंह 14 वर्ष, पंकज सिंह 40 वर्ष, बीना सिंह 47 वर्ष, वंदना सिंह 43 वर्ष, शिवा सिंह 8 वर्ष, सोनम 9 वर्ष के रुप में हुई है।
देखते-देखते जल गए कार व बोलेरो सवार
घटना में दूसरे कार में सवार जयप्रकाश की मौत हुई है, जो वाराणसी से बुकिंग लेकर रीवा छोड़ने गए थे और वापस लौट रहे थे। ट्रक चालक चना लेकर बिहार जा रहा था, इसके खलासी की मौत हो गई है। खलासी की पहचान विकास शर्मा निवासी सागर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
ड्राइवर की हालत गंभीर है। शेष लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेते और ऑल्टो सवार धू-धूकर जल थे, उन्हें बचाने वाला कोई नहीं था। तस्वीरें रुह कंपा देने वाली थीं। आधे घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद भी मौके पर न तो फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच सकी और न ही अन्य सहायता पहुंच सकी थी। रहे
बोलेरे व अल्टो कार में लगी आग
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि बुधवार की रात करीब 8.30 बजे थाना डूमण्डगंज क्षेत्रान्तर्गत बडका घुमान भैसोड बलाय पहाड़ के पास एक ट्रक द्वारा पीछे से अल्टो कार, बोलेरो व ट्रेलर वाहन में टक्कर मार दी। जिससे बोलेरो व अल्टो कार में आग लग गयी। इस सूचना पर पुलिस टीम व फॉयर सर्विस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंच कर स्थानीय ग्रामीण जन के सहयोग से राहत बचाव कार्य प्रारंभकिया गया।
घटनास्थल का निरीक्षण जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक मीरजापुर द्वारा किया गया है। दुःखद घटना में अभी तक 11 लोगों की मृत्यु होने की सूचना मिली है, जिनके बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। मौके पर पुलिस टीम मौजूद है, यातायात /आवागमन सुचारू रूप से चल रहा है, नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। एक मृतक सोनभद्र और दो सतना के बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़े-
PM College of Excellence में NSS के ब्लड कैंप में 25 रक्तवीरों ने किया महादान













