Singrauli Bank Robbery : सिंगरौली के वैढ़न में शुक्रवार दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर हथियारों से लैस पांच युवक बैंक ऑफ महाराष्ट्र में घुसे और चंद मिनटों में 20 लाख कैश और 10 करोड़ रुपये कीमत से अधिक का सोना लेकर फरार हो गए। वैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र के बीच शहर में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े डकैती की दुस्साहसिक वारदात से जिले में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा कि पांचों डकैत एक साथ बैंक में घुसे। इसके बाद बैंक स्टाफ तथा वहां मौजूद लोगों को रिवाल्वर की नोक पर बंधक बनाकर बेखौफ लूटपाट की। इस दौरान एक ने बैंक के अंदर फायर भी किया। डकैत बैंक में करीब 20 मिनट तक रहे, लेकिन किसी को लूट की भनक तक नहीं लगी। सिंगरौली में बैंक के अंदर घुसकर इस तरह लूट की यह पहली वारदात है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के सहारे पांचों आरोपियों की तस्वीरें भी जारी की हैं।
छत्तीसगढ़ की तरफ भागे
लूट को अंजाम देने के बाद पांचों लुटेरे बाहर खड़ी दो बाइक पर सवार होकर शहर की तरफ भागे। लुटेरों ने भागने में मुख्य बाजार वाले क्षेत्र का उपयोग किया। उसके बाद अंबेडकर चौक से बीजपुर रोड होते हुए छत्तीसगढ़ की तरफ भाग गये।
मैनेजर को धमकी- पैनिक बटन दबाया तो मार देंगे
बैंक के अंदर घुसे युवकों ने सबसे पहले महिला बैंक मैनेजर को निशाने पर लिया। रिवाल्वर अड़ाकर उनसे चाभी लेने के बाद लॉकर व कैश पेटी से रुपये व गोल्ड बैग में भरकर फरार हो गये। बताया जा रहा है कि लुटेरों ने बैंक मैनेजर को धमकी दी कि छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में जहां उसका घर है वहां उनके लोग तैनात हैं। पुलिस को सूचना देने या पैनिक बटन दबाने की कोशिश की तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। इस दौरान बैंक में आए ग्राहक विनोद अग्रहरि ने लूट का विरोध किया तो लुटेरों ने उसके चेहरे पर रिवाल्वर की बट से हमला कर घायल कर दिया।
बैंक में नहीं था सुरक्षा गार्ड
बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। जिससे बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लूट की वारदात होने के करीब आधे घंटे बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बैंक में वारदात कर भागे लुटेरों में से एक की रिवाल्वर टॉकीज तिराहे के पास सड़क के किनारे पड़ी मिली, जिसे पुलिस जब्त कर जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शाम को रीवा से आईजी और डीआईजी भी पहुंचे।
DGP पहुंचे, कहा- 3 राज्यों के समन्वय से चल रही सर्च
वारदात की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार देर रात 11 बजे प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाणा वैढ़न पहुंचे। डीजीपी सीधे बैंक ऑफ महाराष्ट्र पहुंचे, जहां उन्होंने कैश काउंटर व लॉकर आदि का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने बैंक मैनेजर व अन्य कर्मचारियों से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम के बारे में जाना। बाद में उन्होंने मीडिया को बताया कि पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश व बिहार के डीजीपी से उनकी चर्चा हुई है। चारों राज्यों की पुलिस आपस में समन्वय बनाकर लुटेरों की सर्चिग कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की फोटो व वीडियो सामने आ गए हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Singrauli Deosar News: अनियंत्रित बल्कर घर में घुसा, चपेट में आए मां और बेटा, घर क्षतिग्रस्त
Singrauli News: बैढ़न टाकीज चौराहे पर चलती बाइक में आग लगने से मचा हड़कंप
Lucknow Uttar Pradesh News: लखनऊ में मकान दिलाने के नाम पर पूर्व विधायक से 57 लाख की ठगी













