MP Satna News: सतना बरौंधा थाना अंतर्गत बकोट गांव के एक खेत में अचानक लगी आग में घिरने से 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया, तो वहीं पुलिस के साथ राजस्व की टीम जांच-पड़ताल में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि मुरलिया पुत्र रामदेव यादव 80 वर्ष, मंगलवार की दोपहर को अरहर की फसल रखने के लिए खेत में ही खलिहान की जगह बना रहे थे, तभी लगभग ढाई बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई।
यह देखकर बुजुर्ग ने आग बुझाने का प्रयास किया, मगर तेज हवा के कारण लपटें पूरे खेत में फैल गई और पलक झपकते ही मुरलिया यादव भी आग से घिर गए। उन्होंने मदद के लिए गुहार लगाई, पर जब तक घर के लोग और ग्रामीणजन बचाने के लिए पहुंचे, तब तक उनकी सांसें थम गईं थीं।
पुलिस के साथ पहुंचा राजस्व अमला इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ बरौंधा के आरआई राजेश वर्मा, पटवारी आलोक द्विवेदी, समयलाल कोल और अमर सिंह कुशवाहा ने बकोट गांव पहुंचकर आगजनी की जानकारी जुटाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, तो वहीं परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भेज दिया गया।
एक तरफ पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है तो वहीं दूसरी तरफ पीडित परिवार को हुई क्षति का आंकलन राजस्व अमले की तरफ से किया जा रहा है। अंतिम रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े-
UP Varanasi News: तालाब में नहाने गये युवक की डूबकर मौत













