कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बसपा रीवा जोन प्रभारी सुरेश शाहवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम में 11 जिलों के प्रभारी मौजूद रहेंगे, जिसमें रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, कटनी सहित अन्य जिले शामिल हैं। बसपा के पदाधिकारी बाबा साहब की जयंती मनाने के साथ ही साथ संगठन व पार्टी की मजबूती के लिए भी काम करेंगे।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कु. मायावती के दिशा निर्देशों की जानकारी दी जायेगी। बसपा की जिला इकाई के द्वारा कई दिनों से जोर शोर से तैयारियां की जा रही हैं। बिलौजी एनसीएल ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद रीवा बुद्धसेन पटेल, जोन प्रभारी विकास सिंह पटेल, छंगेलाल कोल, अभिषेक पटेल, शिवशंकर प्रसाद, बंशरूप शाह, परमहंस प्रसाद, शिव कुमार वर्मा, चंद्रप्रताप विश्वकर्मा, रामजनी खैरवार बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगी। प्रभारी सुरेश शहवाल ने बसपा के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि मंगलवार को सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में ग्राउंड में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों के विचारों को सुनें।
यूपी में सक्रिय हैं बहन जी
पिछले विधानसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे वरिष्ठ नेता चंद्रप्रताप विश्वकर्मा ने बताया कि जबसे यूपी में बहन मायावती जी सक्रिय हुई हैं, एक बार फिर बसपा के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है। बहन जी नये जातीय समीकरणों पर भी काम कर रही हैं।
बहनजी सभी समाज के लोगों को पार्टी में प्रतिनिधित्व देकर उनकी हिस्सेदारी सुनिश्चित करना चाहती हैं। यही प्रतिनिधित्व देने की पहल से सभी समाज के लोग बसपा की ओर आकर्षित हो रहे हैं। यूपी की सक्रियता देखकर पूरे देश में बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता एक्टिव हो गए हैं।
यदि यह प्रक्रिया निरंतर चलती रही तो आने वाले समय में यूपी में तो बसपा की सरकार बन जायेगी और मप्र, राजस्थान, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब में पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में आ जायेगी। उन्होंने कहाकि इस बार लाडली बहना का कार्ड काम नहीं करेगा और कांग्रेस की स्थिति खराब होती जा रही है, ऐसे में बसपा ही एकमात्र मजबूत विकल्प बनकर उभरेगी।
ये भी पढ़े-
MP Satna News: अरहर के खेत में अचानक लगी आग से झुलसे बुजुर्ग की मौत













