MP Anuppur News: कोतमा ब्लॉक मुख्यालय के व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5:30 बजे 4 मंजिला अग्रवाल लॉज भरभराकर गिर गई। हादसे में हनुमान दीन यादव (55) व रामकृपाल यादव (50) की मौत हो गई। तीन लोग रामकिशोर (50), जयप्रकाश (50) तथा तुलसी भैना गंभीर रुप से घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक हनुमान सहित तीन घायल लॉज में पाइप व टाइल्स लगाने का काम कर रहे थे और वहीं रूके थे। जबकि माना जा रहा है कि रामकृपाल बगल की निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहा था। लॉज में रुकी एक अन्य महिला की मलबे में तलाश देर रात तक जारी थी।
इमारत के मलबे में कुल कितने लोग दबे हुए हैं, इसे लेकर प्रशासन के पास स्थिति स्पष्ट नहीं है, क्योंकि लॉज के समीप चल रहे निर्माणाधीन इमारत में हादसे के वक्त कितने मजदूर मौजूद थे यह कोई नहीं बता पा रहा। जानकारी के मुताबिक इमारत ढहने की वजह लॉज की नींव कमजोर होकर धंसकना बताया जा रहा है। हादसे में आसपास की दुकानों के छज्जे गिरने से दुकानदारों और ग्राहकों को भी चोटें आई हैं। जिला प्रशासन, पुलिस सहित रेस्क्यू टीम के 60 से अधिक सदस्य बचाव में लगे रहे।
बगल में चल रहा था निर्माण कार्य-
जानकारी के मुताबिक मुताबिक अग्रवाल लॉज का निर्माण करीब दस वर्ष पहले हुआ था। लॉज के बगल में एक अन्य भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। कुछ समय पहले ही इसके बेसमेंट की खुदाई हुई थी। बेसमेंट में गहराई तक पानी भरा हुआ था। बताया जाता है कि इसीके चलते लॉज की नींव धीरे-धीरे कमजोर हो गई और वह भरभरा कर गिर गई।
मंत्री सहित आला अफसर भी पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल मौके पर पहुंचे। बचाव कार्यों का जायजा लिया। कलेक्टर व एसपी ने भी पहुंचकर हालात का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखते हुए अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ की इमरजेंसी ड्यूटी लगा दी गई है।
ऐसा लगा भूकंप आ गया हो प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम 5:30 बजे के करीब उन्हें एक तेज धमाके की आवाज आई। देखा तो लॉज बाई तरफ झुकते हुए पल भर में जमींदोज हो गई। गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के रहने वालों ने भूकंप जैसे झटके महसूस किए और देखते ही देखते पूरा इलाका धूल के गुबार से भर गया। थोड़ी ही देर में आसपास के रहने वाले लोग भी अपने मकान व दुकान से घबरा कर बाहर निकल आए। चूंकि यह भीड़भाड़ वाला इलाका है इसलिए वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
ये भी पढ़े-
Singrauli News: सिंगरौली में बेमौसम बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता, गेहूं की फसल पर मंडराया खतरा













