Viral Singrauli News : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक युवक ने अपनी मांगों को लेकर ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। राशन न मिलने से परेशान युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और करीब 6 घंटे तक वहीं बैठा रहा।
यह घटना खुटार चितरवई कलां गांव की है, जहां 28 वर्षीय संतोष नाई ने शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर के पास लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह विरोध सामान्य नहीं था, बल्कि बेहद जोखिम भरा था, क्योंकि टॉवर की ऊंचाई काफी ज्यादा थी और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक टावर पर चढ़ने के बाद खुद ही 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। उसने साफ तौर पर बताया कि वह तब तक नीचे नहीं उतरेगा, जब तक उसकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता। युवक की इस हरकत से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे।
क्या थी युवक की मांग?
संतोष नाई का आरोप था कि उसकी पत्नी ने करीब पांच महीने पहले बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन अब तक उसे सरकार की ओर से मिलने वाली मातृत्व योजना का कोई लाभ नहीं मिला। यह योजना महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है, ताकि उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके, लेकिन संतोष के अनुसार, उसकी पत्नी इस सुविधा से वंचित रह गई। इसके अलावा युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसके परिवार के कुछ सदस्यों को पिछले कई महीनों से राशन नहीं मिल रहा है। राशन जैसी बुनियादी सुविधा का न मिलना उसके लिए बड़ी परेशानी बन चुका था। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं होने पर उसने यह कठोर कदम उठाने का फैसला किया।
मौके पर पहुंची पुलिस
जैसे ही पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, तुरंत टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को भी बुलाया गया। तहसीलदार प्रीति सिकरवार और चौकी प्रभारी शीतला यादव ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझाने का प्रयास किया। करीब 6 घंटे तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। अधिकारी लगातार युवक से बातचीत करते रहे और उसे भरोसा दिलाने की कोशिश करते रहे कि उसकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। हालांकि, युवक अपनी मांगों को लेकर अड़ा रहा और बार-बार यही कहता रहा कि जब तक उसे लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।
इस दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम पूरी तरह सतर्क रही, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। स्थानीय लोग भी मौके पर खड़े होकर पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। कई लोगों ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
6 घंटे बाद खत्म हुआ ड्रामा
दोपहर 2 बजे टॉवर पर चढ़ा युवक आखिरकार रात करीब 8 बजे नीचे उतरा। प्रशासन द्वारा उसे आश्वासन दिया गया कि उसके परिवार के जिन सदस्यों को राशन नहीं मिल रहा है, उन्हें जल्द ही राशन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उसकी पत्नी को मातृत्व योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
प्रशासन के इस भरोसे के बाद युवक ने अपना विरोध खत्म किया और सुरक्षित नीचे उतर आया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई हादसा नहीं हुआ, वरना स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
MP News: बैल को मारने से नाराज किसान ने यूरिया खिलाकर बाघ को मारा
UP Varanasi News: मिर्जामुराद में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, मजदूर की मौत, छह जख्मी
LPG Shortage News: घबराएं नहीं… देश में पेट्रोल-डीजल, LPG का 60 दिन का स्टॉक मौजूद













