
साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
नेपाल सीमा से सटे बलरामपुर जिले में पुलिस ने सोमवार को साइबर ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 58 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि साइबर सेल की टीम ने फर्जी पहचान पत्रों के जरिए बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों के सिम तैयार कर उनका इस्तेमाल ऑनलाइन धोखाधड़ी, सट्टेबाजी (अन्ना रेड्डी बुक) और अन्य माध्यमों से ठगी की रकम ट्रांसफर करने में किया जाता था।
उन्होंने बताया कि आरोपी क्यूआर कोड, यूपीआई और इंटरनेट बैंकिंग के जरिए रकम को अलग-अलग खातों में घुमाकर उसके स्रोत को छिपाते थे। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से आपस में संपर्क बनाए रखते थे और बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड व सिम कार्ड को मिठाई के के डिब्बों में छिपाकर कोरियर से एक-दूसरे तक पहुंचाते थे। श्री कुमार ने बताया कि जांच में गिरोह से जुड़े 17 बैंक खाते सामने आए हैं, जिनसे देशभर में 14 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। इनमें करीब 58 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है।
आठ खातों में हुआ 5.06 करोड़ का लेनदेन
फिलहाल आठ खातों में ही 5.06 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन सामने आया है, जबकि अन्य खातों की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक एप्पल आईफोन और पांच फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में आशिफ, मोहम्मद अकरम खान, बच्चा लाल उर्फ प्रशांत उर्फ गोलू, प्रतीक मिश्रा और सुजीत सिंह शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि आरोपियों को नगर क्षेत्र के श्याम बिहार कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया है और सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी आशिफ के खिलाफ पूर्व में दुष्कर्म समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
ये भी पढ़े-
Navratri Bhog Recipe: नवरात्र पर भोग के लिए बनाएं ये खास लड्डू
MP Singrauli News: नौवीं में 65 और 11वीं में 89.5 प्रतिशत विद्यार्थी हुए उत्तीर्ण











